सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय स्नातकोत्तर कॉलेज में अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को शुभारंभ किया गया। इसमें पुरुष वर्ग की 14 और महिला वर्ग की 10 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग में अगस्त्यमुनि की टीम ने कर्णप्रयाग को हराया। इसके अलावा उत्तरकाशी की टीम ने डीडी काॅलेज देहरादून को, पंडित ललित मोहन शर्मा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि परिसर ऋषिकेश की टीम ने केएल डीएवी पीजी कॉलेज रुड़की की टीम को मात दी। विगत वर्ष की चैंपियन साहिया की टीम ने बड़े अंतर से राजकीय महाविद्यालय मालदेवता को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक चौहान व नगर पालिका विकासनगर के अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। महिला वर्ग में चमनलाल महाविद्यालय हरिद्वार ने पीजी कॉलेज कोटद्वार को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जबकि उत्तरकाशी की टीम ने पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि की टीम को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी रिंकूदास भारती ने कहा कि क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन 30 सितंबर को होगा। इस दौरान महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल तोमर, दीवान सिंह तोमर, उमादत्त जोशी, श्याम दत्त वर्मा, सरदार सिंह तोमर, केशर सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।