पॉवर कॉरपोरेशन ने आखिरकार उत्तर प्रदेश के दर्जाधारी मंत्री साहब सिंह सैनी के निर्माणाधीन भवन का विद्युत कनेक्शन काट दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए शनिवार शाम कारपोरेशन ने यह कार्रवाई की।
उत्तर प्रदेश के दर्जाधारी मंत्री सैनी की पत्नी रीता सैनी के केहरी गांव में स्थित निर्माणाधीन भवन की बिजली काटने से शुक्रवार को कॉरपोरेशन अफसरों ने जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट आदेश न मिलने की बात कहकर इनकार कर दिया था। शुक्रवार शाम को एसडीओ का घेराव करने के बाद शनिवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश सचिव संग्राम सिंह पुंडीर के नेतृत्व में कॉरपोरेशन के अधिकारियों से मिले।
पुंडीर ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों की भूमि खुर्द-बुर्द करने वालों को शह दी जा रही है। ऐसी भूमि के सरकार में निहित होने और अस्थाई कनेक्शन का कई महीने का बिल जमा न किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रबंध निदेशक तक भी यह बात पहुंचाई गई। इसके बाद प्रबंध निदेशक के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता एमएल टम्टा ने कनेक्शन काटने के निर्देश दिए।
विवादों में रही है जमीन
बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने पर कुछ महीने पहले एमडीडीए और फिर कैंट बोर्ड ने अलग-अलग नोटिस जारी कर निर्माण रुकवाया था। इस बीच जिला प्रशासन की जांच में यह तथ्य आया था कि जमीन अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति से खरीदी गई है, लेकिन रजिस्ट्री के दौरान विक्रेता ने भी इस तथ्य को छुपाया। इस पर प्रशासन ने पिछले दिनों उक्त जमीन को राज्य सरकार में निहित कर दिया था।