राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी रहीं साध्वी ऋतम्भरा का कहना है कि राम मंदिर का निर्माण राष्ट्रवादी और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों की भावनाओं से जुड़ा है। संतों ने इसके लिए करीब 70 साल तक संघर्ष किया है। मामला न्यायालय में है और संत समाज के साथ ही लोग चाहते हैं कि मंदिर के पक्ष में जल्द फैसला आए और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो।
नैनीताल क्लब में पत्रकारों से वार्ता में साध्वी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से लोगों का जुड़ाव है और इसलिए वे उनसे श्रीराम मंदिर निर्माण की उम्मीद लगाए हुए हैं। कश्मीर में भाजपा और पीडीपी की गठबंधन वाली सरकार के गिरने पर उन्होंने कहा कि वह एक प्रयोग था और कोई भी प्रयोग शुभ के लिए किया जाता हैं।
साध्वी ने डॉ. प्रवीण तोगड़िया के अलग राह पर चले जाने पर उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की शक्तियों का टूटना सही नहीं है। यदि हिंदू ताकतें एक रहेंगी तो समाज को सफलता मिलेगी। कहा कि वृंदावन में सर्व मंगलापीठ की स्थापना की जा रही है, जहां चारों युगों के दौरान स्त्री की भूमिका को दर्शाया जाएगा।
इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, मनोज जोशी, पूरन मेहरा, हरीश राणा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अक्षय सुयाल, मोहित रौतेला, मोना मेहरा आदि मौजूद थे।