रेलवे ग्रुप-डी भर्ती की परीक्षा के चलते रविवार को दून आने वाले ट्रेनें खचाखच भरी रहीं।
सुबह दून आने वाली और दोपहर को रवाना होने वाली ट्रेनों में भीड़ से आम यात्रियों को दिक्कतें पेश आईं। जगह के लिए कुछ युवक जनरल बोगियों के टॉयलेट में घुस गए तो कुछ रिजर्वेशन वाले डिब्बों में पहुंच गए। इस दौरान सीट के लिए यात्रियों और टीटीई से उनकी नोंकझोंक भी हुई।
ठसाठस होकर पहुंचीं ट्रेन
रेलवे की ग्रुप-डी की परीक्षा के लिए मुरादाबाद, नजीबाबाद, सहारनपुर, लक्सर और हरिद्वार आदि जगहों से हजारों युवा दून पहुंचे। सुबह काठगोदाम एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस और हावड़ा एक्सप्रेस ठसाठस होकर पहुंचीं।
दोपहर परीक्षा छूटने के बाद इलाहाबाद जाने वाली लिंक एक्सप्रेस और शाम को जनता एक्सप्रेस में भारी भीड़ रही। दोनों ट्रेनों की जनरल बोगियां ट्रेन चलने से आधा घंटे पहले पैक हो गई थीं। इनमें घुसने के लिए मारामारी रही।
कई युवक शौचालय तक में घुसे नजर आए। कुछ स्लीपर कोचेस में घुस गए। इससे रिजर्वेशन वाले यात्रियों को सीट के लिए मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ के आगे रेलवे के टीटीई भी बेबस नजर आए। रेलवे पुलिस फोर्स और जीआरपी के जवान भी मौके से नदारद रहे।
25 हजार में से पहुंचे 9700 युवा
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी पीपी पांडे ने बताया कि दून में रेलवे की ग्रुप-डी लिखित भर्ती परीक्षा के लिए 56 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में 25 हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 9700 ही परीक्षा दे पाए।