हाईवे की मरम्मत भी शुरू
इधर आगामी केदारनाथ यात्रा मई पहले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है। यात्रा की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड ने राजमार्ग पर पैच भरने का काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में कुंड से भीरी के बीच सड़क पर पड़े गड्ढों का भरान कर उन्हें डामर से ठीक किया जा रहा है। साथ ही मलबा हटाने के साथ अन्य छोटे-छोटे कार्य पूरे किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत हाईवे का चौड़ीकरण कार्य कर रहीं कंपनियों ने सुधारीकरण के लिए अपने-अपने प्रस्ताव सौंप दिए हैं। कंपनियों ने अप्रैल तक हाईवे को यात्रा के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
आगामी केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे को दुरुस्त करने का काम कार्यदायी संस्थाओं ने शुरू कर दिया है। कुंड में बैली ब्रिज बनकर तैयार हो गया है। पुल से वाहनों के संचालन का ट्रायल सफल रहा है। आगामी यात्रा में इसी पुल से वाहन संचालित किए जाएंगे।
- ओंकार पांडेय, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोनिवि