यूनिवर्सल कांसेप्ट मेंटल अर्थमेटिक सिस्टम (यूसीएमएएस) की ओर से कंबोडिया की राजधानी फोनमपेन्ह में हुई 24वीं अंतरराष्ट्रीय मेंटल अर्थमेटिक प्रतियोगिता में द्वाराहाट के रुद्राक्ष तिवारी ने पहला स्थान प्राप्त किया है। सात से आठ दिसंबर के बीच हुई इस प्रतियोगिता में 80 से अधिक देशों के छात्रों ने हिस्सा लिया था।
कंबोडिया के शिक्षा, युवा और खेल मंत्री हैंग चुओंन नैरोन और यूसी इंटरनेशनल कार्प के संस्थापक के अलावा प्रेसिडेंट प्रोफेसर डॉ. डिनो वोंग ने रुद्राक्ष को चैंपियंस ट्रॉफी, 2200 डालर (लगभग 1.71 लाख रुपये) नकद प्रदान किए। प्रतियोगिता में 8 मिनट में गणित के 200 सवाल हल करने थे। रुद्राक्ष ने रिकॉर्ड 7.21 मिनट में 200 सवाल हल कर दिए। रुद्राक्ष ने डढोली आंगनबाड़ी से शिक्षा शुरूकी। वर्तमान में वह कुमाऊं पब्लिक स्कूल (केपीएस) द्वाराहाट में छठी कक्षा में अध्ययनरत है।
पिछले वर्ष की मेंटल अर्थमेटिक प्रतियोगिता भी जीती थी रुद्राक्ष ने
रुद्राक्ष ने पिछले वर्ष मलयेशिया के कजांग में हुई 23वीं अंतरराष्ट्रीय मेंटल अर्थमेटिक प्रतियोगिता भी जीती थी। पिछले साल ही देहरादून में राज्य स्तरीय एबैकस और मानसिक अंकगणितीय प्रतियोगिता में भी रुद्राक्ष प्रथम स्थान पर रहे थे। 14 अप्रैल 2019 को 11वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उसका राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। 18वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता 21-22 जुलाई तक कोलकाता में हुई थी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 7500 प्रतिभागियों में रुद्राक्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया। रुद्राक्ष के पिता पंकज तिवारी और माता श्रीमती चंचल तिवारी द्वाराहाट स्थित बीटीकेआईटी में कार्यरत हैं।
केपीएस में सम्मानित हुए रुद्राक्ष
कुमाऊं पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में निदेशक पीएस राणा ने उन्हें चैंपियनशिप ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। सभी बच्चों से इससे प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय की चेयरमैन रेखा चौहान, प्रधानाचार्य उमा अधिकारी एवं शिक्षक शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। रुद्राक्ष की उपलब्धियों पर बीटीकेआईटी के निदेशक डॉ. वीएम मिश्रा और शिक्षक कर्मचारियों ने भी प्रसन्नता जताई है।