देहरादून। कोरोना संक्रमण के चलते पिछले कई माह से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का इंतजार कर रहे आवेदकों के लिए राहत भरी खबर है। आरटीओ में अब प्रतिदिन 25 की जगह 50 आवेदकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाएंगे। आरटीओ डीसी पठाई की ओर से इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। साथ ही अब स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस का कोटा बढ़ाया जाएगा।
बता दें, कोरोना की दूसरी लहर में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस और स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने का कोटा कम कर दिया गया था। वर्तमान में आरटीओ में प्रतिदिन 25 लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। वहीं 75 आवेदकों को स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाते हैं। बेहद कम लाइसेंस जारी होने से आवेदकों की कतार लग गई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो औसतन 10 हजार आवेदकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाना है। आरटीओ डीसी पठाई ने बताया कि इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही स्थाई लाइसेंस ड्राइविंग लाइसेंस का कोटा 75 से बढ़ाकर 100 या डेढ़ सौ किया जाएगा।