हर घर तक पानी पहुंचाएगी केंद्र सरकार
- फोटो : pexels.com
कैंट देहरादून के गढ़ी-डाकरा क्षेत्र के लोगों को अब पानी की किल्लत से राहत मिलेगी। यहां पेयजल योजना के लिए शासन की ओर से डेढ़ करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने योजना के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। जारी धनराशि से कैंट बोर्ड शहीद दुुर्गामल्ल पार्क पर ओवरहेड टैंक का निर्माण करेगा।
दरअसल, लगभग 25 हजार की जनसंख्या वाला गढ़ी-डाकरा क्षेत्र लंबे समय से पेयजल की किल्लत से जूझ रहा है। यहां खासकर पोस्ट ऑफिस रोड, टपकेश्वर, शेरबाग आदि क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत बनी रहती है। डाकरा क्षेत्र में तो एक टाइम ही पानी आता है। गढ़ी की अधिकांश लाइनें ट्यूबवेल से जुड़ी हैं।
इसलिए बिजली पर पानी की व्यवस्था टिकी रहती है। बिजली गुल होने से पानी की आपूर्ति भी ठप हो जाती है। गढ़ी-डाकरा के लोग लंबे समय से क्षेत्र में नई पेयजल योजना की मांग कर रहे थे। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री की ओर से हाल ही में क्षेत्र की पेयजल समस्या दूर करने के लिए चार करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई थी।
इसमें से शासन की ओर से कैंट बोर्ड को डेढ़ करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इससे कैंट बोर्ड शहीद दुर्गामल्ल पार्क में ओवरहेड टैंक का निर्माण करेगा। सीईओ तनु जैन ने बताया कि पेयजल निगम जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करेगा। कहा कि बाकी धनराशि भी जल्द मिलने की उम्मीद है।