बताया जा रहा है कि ट्यूशन के बाद रक्षित और प्रणव बुलेट से जादूगर रोड से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चर्च के सामने पहुंची तो सामने से आ रही एक स्कूटी से टकरा गई। स्कूटी से टकराकर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों के सिर भी पेड़ से टकरा गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, स्कूटी चालक भी घायल हो गया, जिसे कुछ लोग अपने साथ ले गए।
आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल रक्षित को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, प्रणव को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे भी रेफर कर दिया गया।
हायर सेंटर ले जाते समय प्रणव ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, स्कूटी चालक कौन था, यह अभी पता नहीं चल पाया है। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों की मौत हो चुकी है। स्कूटी चालक का पता लगाया जा रहा है।
हादसे के बाद बुलेट के पास हेलमेट भी मिला है, लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि बुलेट चला रहे रक्षित ने हेलमेट पहना था या नहीं। वहीं, बुलेट के पास मिले हेलमेट पर एक भी निशान नहीं होने से आशंका जताई जा रही है कि उसने हेलमेट नहीं पहना होगा।
सूचना मिलते ही दौड़े परिजन
दोनों छात्रों के हादसे में घायल होने की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। अस्पताल में अपने-अपने बेटों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही रिश्तेदार और परिचित भी अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े।