रुड़की स्थित भारतीय स्टेट बैंक की सिविल लाइंस स्थित मुख्य शाखा में आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से कंप्यूटर सिस्टम और कुछ फर्नीचर राख हो गया।
गनीमत यह रही कि आग बैंक के स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंची। देहरादून से आए बैंक के अधिकारियों ने शाखा का दौरा किया और घटना की जांच के आदेश दिए। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
घटनाक्रम के अनुसार रविवार को दोपहर करीब पौने 12 बजे सिविल लाइंस स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में आग लग गई। बैंक के पीछे स्थित कालोनी में रहने वाले अमित चौधरी ने सबसे पहले धुंआ उठता देखा। उनकी सूचना पर कुछ ही देर में दमकल की दो गड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
एसडीएम मोहम्मद नासिर, एएसपी प्रहलाद नारायण मीणा और सीओ जीबी पांडे भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने लोगों की मदद से बैंक के शीशे और दरवाजे तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बैंक प्रबंधक पहल सिंह और सहायक बैंक प्रबंधक वीके गुप्ता ने बताया कि बैंक में रखा कैश, लॉकर्स और सारा रिकार्ड सुरक्षित है। आग से कंप्यूटर सिस्टम और कुछ फर्नीचर को ही नुकसान पहुंचा है।
अग्निशमन अधिकारी बीएल डबराल के अनुसार शार्ट सर्किट होने से आग लगी है। बैंक अधिकारियों की ओर से घटना के संबंध में पुलिस को नियमानुसार जानकारी दी गई।