गुलदार की लोकेशन के लिए छह ट्रैप कैमरे लगाए, उड़ाया ड्रोन
कुरड़ी में मादा गुलदार के हमले में महिला की मौत और नगला इमरती में बकरियों के बाड़े पर गुलदार के हमले की घटना के बाद से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कुरड़ी और झबीरन गांव में छह ट्रैप कैमरे लगाए हैं। मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक देहरादून की अनुमति लेकर वन विभाग ने कुरड़ी गांव में एक पिंजरा लगा दिया गया है। डीएफओ देहरादून नीरज शर्मा, एसडीओ साधुलाल व रेंजर विनय राठी पूरे अमले के साथ पूरा दिन कुरड़ी, झबीरन व नगला इमरती गांव में ही डटे रहे। एसडीओ साधुलाल ने बताया कि ड्रोन की मदद भी ली जा रही है। इसके अलावा आठ टीमें बनाई गई हैं जो दिन रात गश्त करेंगी। वन सुरक्षा दल की टीम भी देहरादून से आ गई है।
पीड़ित परिवार को दिया 1.80 लाख का चेक
वन विभाग के अधिकारियों ने सहायता राशि के रूप में मादा गुलदार के हमले में मरने वाली मिसरा देवी के पति मांगेराम को 1.80 लाख रुपये का चेक दिया है। एसडीओ साधुलाल ने बताया कि छह लाख रुपये त्वरित मुआवजे के रूप में दिए जाते हैं। शेष धनराशि का जल्द ही परिवार को दे दी जाएगी।
वर्ष 2016 में रामपुर में वृद्धा पर हुआ था हमला
वर्ष 2016 में रुड़की रामपुर चुंगी के समीप एक खेत में काम कर रही महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया था। हमले में महिला की मौत हो गई थी। वहीं पिछले माह 16 मई को लोकेश देवी निवासी पूरन साल्हापुर पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया था, जब वह खेत में टमाटर तोड़ रही थी। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।