पीड़ित का अरोप है कि वह अपने साथियों के साथ कलियर मेले से अब्दाल साहब की ओर जा रहा था। तभी एक व्यक्ति से उसका विवाद हो गया। इसके बाद उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसपर जानलेवा हमला किया।
पिरान कलियर में साबिर पाक के सालाना उर्स मेले के दौरान सोमवार रात अब्दाल साहब रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। मारपीट में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
लंढौरा निवासी साबाज अहमद ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ कलियर मेले में आया था। रात करीब दस बजे अब्दाल साहब की ओर जाते समय रास्ते में कुछ लोगों से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अपने आठ-दस साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उसके सिर पर डंडे और धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद गला दबाकर जमीन पर घसीटते हुए जान से मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में सभी घायल हो गए।
आरोप है कि इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने आठ-दस अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।