मरजीना ने फोनकर शादाब को बुलाया था कमरे पर
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि तेलीवाला गांव निवासी मरजीना और शादाब का प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी मरजीना के पति अफजाल और देवर सावेज को भी लग गई थी। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मरजीना ने बताया कि प्रेम-प्रसंग का पता चलने पर अफजाल और सावेज ने शादाब की हत्या की योजना बनाई थी। योजना के मुताबिक मरजीना ने शादाब को फोनकर अपने कमरे पर बुलाया था।
शादाब यहां पहुंचा तो तीनों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। साथ ही शव को बोरे में बांधकर रुड़की के पास गंगनहर में फेंक दिया था। एसपी ने बताया कि गुमशुदगी को हत्या में तरमीम कर लिया है। साथ ही अफजाल, मरजीना व सावेज को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं शादाब के शव की गंगनहर में तलाश की जा रही है।