उत्तराखंड के युवा मायानगरी मुंबई में अपनी कला का लोहा मनवा रहे हैं। छोटे परदे में लंबे समय से सक्रिय हल्द्वानी के रोमांच मेहता सोमवार रात साढ़े आठ बजे एंड टीवी पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक परमावतार श्रीकृष्ण में अभिनय करते हुए नजर आएंगे। धारावाहिक में वह राधा के पिता विषभानू का किरदार निभा रहे हैं।
अमर उजाला से खास बातचीत में रोमांच ने बताया कि यह धारावाहिक अन्य धारावाहिकों से अलग है। परमावतार श्री कृष्ण में श्रीकृष्ण के साथ-साथ राधा के किरदार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। दर्शक राधा के जीवन को और अच्छी तरह जान पाएंगे। उन्होंने बताया कि विषभानू को गुस्सा बहुत जल्द आता है, लेकिन वह अपनी बेटी राधा से बेहद प्यार करता है।
बेटी की खुशी के लिए वह कुछ भी करने को तैयार रहता है। इस धारावाहिक में बाप-बेटी के संबंध का एक अलग पहलू देखने को मिलेगा। धारावाहिक का ज्यादातर हिस्सा राधा-कृष्ण के प्रेम पर केंद्रित है। रोमांच के पिता डॉ. सुभाष मेहता हल्द्वानी में अपना क्लीनिक चलाते हैं। मां सुमन गृहणी है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हल्द्वानी के निर्मला कॉन्वेंट और वीयर शिवा स्कूल से की है।
पौराणिक धारावाहिकों से मिलती है ऊर्जा
रोमांच ने बताया कि पौराणिक धारावाहिकों में काम कर उन्हें ऊर्जा मिलती है। वह इससे पहले महिमा शनिदेव की, चंद्रगुप्त मौर्य, विजय-देश की आंखें, रामायण, सिया के राम, देवों के देव महादेव, गंगा आदि धारावाहिकों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन्हें एम टीवी के धारावाहिक कितनी मस्त है जिंदगी से छोटे पर्दे पर ब्रेक मिला। उन्होंने जेहाद फिल्म में भी काम किया था, जो किन्हीं कारणों से रिलीज नहीं हो पाई। रोमांच ने बताया कि स्कूल के दौरान ही उन्होंने बरेली में आयोजित एक टैलेंट शो में भाग लिया था, जिसमें वह चौथे स्थान पर रहे। यहीं से उन्हें लगा कि वह अभिनय के क्षेत्र में कुछ कर सकते हैं।
उत्तराखंड के दोस्त मिलते हैं तो याद आता है हल्द्वानी
रोमांच ने बताया कि यूं तो वह चार-पांच महीने में हल्द्वानी आते रहते हैं लेकिन अक्सर उन्हें घर की याद आती है। बताया कि इंडस्ट्री में उनके कई दोस्त उत्तराखंड से हैं। जब वह दोस्तों के साथ होते हैं तो कुमाऊंनी और गढ़वाली गीत गाते है। यह एक मौका होता है जब उन्हें हल्द्वानी की बहुत याद आती है।