हल्द्वानी से साहसिक अभियान पर निकले कुमाऊं के बाइकरों ने शुक्रवार को दुनिया की सबसे ऊंची मोटर रोड (लेह से खार्दुंगला) पर सफर तय करने में कामयाबी हासिल की।
बाइकर ने खार्दुंगला के आसपास सुरक्षित ड्राइविंग और पर्यावरण बचाने का संदेश देते हुए चालकों व पर्यटकों को जागरूक किया। अमर उजाला और टू व्हील्स टू फार के साझा साहसिक अभियान पर निकले ये युवा बाइकर शुक्रवार रात्रि खार्दुंगला में रुके। शनिवार को ये युवा खार्दुंगला से सोमुरारी के लिए रवाना होंगे।
टीम लीडर मनीष चौधरी ने बताया कि उनकी टीम पिछले तीन दिन से दुनिया की सबसे ऊंची सड़क पर जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन इलाके में भारी बर्फबारी के कारण सफर करना संभव नहीं था। शुक्रवार को मौसम खुलने के बाद बाइकर को खार्दुंगला पहुंचने में सफलता मिली।
लक्ष्य तक पहुंचने युवाओं ने चालकों व पर्यटकों को पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया। इन युवाओं को दल ने हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को सोमुरारी के लिए निकलेंगे और वहां पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बाइकर ने लोगों से बातचीत कर पर्यावरण व यातायात नियमों को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान दल के सदस्यों ने लेह की हसीन वादियों को अपने कैमरे में कैद किया। इस दौरान मनीष के साथ अंशुमन, शुभकांश व हिमांशु मौजूद रहे।