दिल्ली रूट पर खाने-पीने की चीजों पर नशा मिलाकर जहरखुरान यात्रियों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करते जा रहे हैं लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी है।
रविवार को भी दो यात्रियों को खिला-पिलाकर लूट लिया गया। इसमें से एक व्यक्ति को चाय पिलाकर तो दूसरे को बिस्किट खिलाकर लूट लिया गया। पुलिस अपराधियों की धरपकड़ करना दूर भुक्तभोगी की सुध लेने तक को तैयार नहीं है।
केस-1
एक युवक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के अंदर अचेत पड़ा मिला। जीआरपी ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर उसने अपनी पहचान लक्की (30) पुत्र वंशीगोपाल निवासी पिपली, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में कराई। वह देहरादून में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है और कंपनी के काम से दिल्ली गया था।
बताया कि शनिवार को वह ट्रेन से लौट रहा था। रास्ते में सहयात्री ने दोस्ती गांठी और उसे चाय पिलाई। चाय पीने के बाद क्या हुआ युवक को नहीं मालूम। उसके पास पांच हजार रुपये, मोबाइल, एटीएम और कीमती सामान था, जो गायब है।
केस-2
एक युवक संयुक्त यात्रा बस अड्डे पर बेहोश पड़ा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस 108 से उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। होश आने पर युवक ने अपनी पहचान राजेश कैशल (23) पुत्र सुरेंद्र निवासी चंबा, टिहरी के रूप में कराई।
वह नौकरी की तलाश में दिल्ली गया था। नौकरी नहीं मिली तो शनिवार को रोडवेज की बस से घर लौट रहा था। रास्ते में सहयात्री ने मेलजोल बढ़ाया और खतौली के पास दोनों ने साथ भोजन किया।
भोजन करने के बाद गाड़ी में बैठे तो साथी युवक ने उसे बिस्किट खाने को दिया। उसके बाद क्या हुआ उसे कुछ मालूम नहीं अब होश आया तो खुद को अस्पताल में पाया। बताया कि उसके पास करीब डेढ़ हजार रुपये, मोबाइल और कपड़े थे जो गायब हैं।