राजधानी देहरादून में आज (शनिवार) से दून पुलिस की ओर से 25वां सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। पूरे सप्ताह के दौरान यातायात और सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
एसपी ट्रैफिक प्रदीप राय ने बताया कि शनिवार को घंटाघर पर मोटरसाइकिल रैली के फ्लैग ऑफ के साथ सड़क सुरक्षा सप्ताह की शुरूआत होगी। रविवार को घंटाघर से दिलाराम चौक तक पैदल मार्च होगा।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान
गांधी पार्क में स्वयंसेवियों और पुलिसकर्मियों द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप भी लगेगा। इस दौरान वाहन चालकों को ड्राइविंग प्रशिक्षण और उनके दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी। 13 जनवरी को सभी थाना-चौकी क्षेत्रों मोबाइल वैन से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
14 जनवरी को पुलिस लाइन में वाहन चालकों का मेडिकल चेकअप होगा। इसी दिन चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिता होगी। 15 तारीख को विभिन्न स्कूलों में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी।
16 तारीख को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, नागरिक सुरक्षा संगठनों, एनसीसी, एनएसएस के बच्चों को यातायात संचालन का प्रशिक्षण देने और विभिन्न चौराहों पर यातायात का संचालन और स्टॉप लाइन का पालन कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन पुलिस लाइन में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।