क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से दारागाड–कथियान मोटरमार्ग बंद हो गया है। मार्ग के बंद होने से क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों के निवासियों के सामने आवागमन संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में किसान लंबा चक्कर लगाकर मंडी पहुंच रहे हैं। बागों में तैयार हो चुकी सेब की उपज को बाजार तक पहुंचाने में समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
मोटरमार्ग बंद होने के कारण ग्रामीणों को दारागाड पहुंचने के लिए त्यूणी होकर लगभग 60 से 70 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सेब उत्पादक किसान पान सिंह राणा, दिनेश, फतेह सिंह, राजू खत्री, मेजर सिंह एवं ध्यान सिंह ने बतायाकि सड़क बंद होने के कारण उन्हें वैकल्पिक मार्ग से होकर दारागाड़ जाना पड़ता है। इससे परिवहन लागत कई गुना बढ़ गई है और समय पर ढुलाई न होने से फल भी खराब हो रहा है।
पीएमजीएसवाई कालसी के अवर अभियंता अजय ठाकुर ने बताया कि मोटरमार्ग को खोलने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है। अतिशीघ्र मार्ग से मलबा व पत्थर हटाकर यातायात को सुचारू कराया जाएगा।