उत्तराखंड में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में एक टवेरा कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दूसरा हादसा कासली-सहिया मोटर मार्ग पर गुरुवार देर रात 11 बजे हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।
शुक्रवार को कोटद्वार- पौड़ी मार्ग पर गुमखाल के पास एक टवेरा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में विपुल शर्मा (22) पुत्र श्याम सिंह निवासी जावल अलीगढ़ की मौत हो गई। जबकि विरेंद्र कुमार (26) पुत्र भरत लाल निवासी गाजियाबाद घायल हो गया। हादसे का कारण तेज बरसात और कोहरा बताया गया।
उधर, कालसी-सहिया मोटर मार्ग पर गुरुवार देर रात करीब 11 बजे महिंद्रा पिकअप यूके16सीए0482 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। बताया गया कि वाहन में पांच लोग सवार थे और सेब की पेटियां लेकर खरौड़ा से दिल्ली मंडी जा रहे थे।
मृतकों के नाम तारा दत्त (48) पुत्र सुर्जू, भागी राम (35) पुत्र रण सिंह दोनों निवासी खरौड़ा हैं। घायलों के नाम मूरत राम (63) पुत्र दत्तराम, रणेश्वर पुत्र मया दोनों निवासी खरौड़ा और चालक रवि पुत्र फतेह सिंह निवासी कालसी है। बताया गया कि मूरत राम गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।