गोपेश्वर में गत 21 दिनों से बंद घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग खुलने से दर्जन भर गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, बदरीनाथ, केदारनाथ हाईवे पर शुक्रवार को यातायात सुचारु है। वहीं अभी चमोली जिले में 33 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं।
काफी दिनों से बंद घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग गुरुवार देर रात साढ़े 11 बजे खुलने के बाद लगभग एक दर्जन गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। मार्ग खुलने के बाद क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू हो गई है। गोपेश्वर में शुक्रवार की सुबह बारिश होने की खबर है। उत्तरकाशी के पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की सूचना है।
उधर, कुमाऊं मंडल में चंपावत, बागेश्वर सहित अधिकतर पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई। चंपावत जिले में फिलहाल पांच संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं।
गुलाबाकोटी में बुधवार को हुआ बदरीनाथ हाईवे दो दिन बाद वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु हो गया था। गुलाबकोटी में हाईवे के सुचारु होने के बाद बदरीनाथ, जोशीमठ, पाडुकेश्वर, गोविंदघाट, पीपलकोटी और चमोली में रोके गए यात्री वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी गई थी।