दून-पांवटा हाईवे पर रेहड़ापुर के समीप तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने आठ वर्षीय बालक को रौंद दिया। उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मौत से गुस्साएं लोगों ने हाईवे पर जमकर बबाल काटा और वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने हालात को काबू में किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
दुकान पर आया था
घटना सहसपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार आरिश पुत्र अब्दुल रहमान निवासी खुशहालपुर शुक्रवार को अपने चाचा अब्दुल रहीम की रेहड़ापुर स्थित दुकान पर आया हुआ था। वह अन्य बच्चों के साथ हाईवे किनारे खेल रहा था। दोपहर करीब 12 बजे सहसपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। जिससे गुस्साएं लोगों ने लांघा रोड जाम कर दी। जैसे ही लोगों को पता चला कि चालक को हरबर्टपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है तो बड़ी संख्या में गुस्साई भीड़ हरबर्टपुर चौकी पहुंची और जमकर बबाल काटा। उन्होंने चौकी के बाहर हाईवे जाम करने के साथ ही जबरन बाजार की दुकानें बंद करा दी।
उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के साथ ही अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की। बबाल को देखते हुए आसपास के थाने चौकी की फोर्स और पीएसी बुलानी पड़ी। मौके पर पहुंची एसपी देहात ममता बोरा और एसडीएम एके पांडेय ने गुस्साएं लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
भीड़ में थे हुड़दंगी
गुस्साई भीड़ में कई हुड़दंगी भी थे। जिन्होंने हरबर्टपुर बाजार में दुकानें बंद करने के दौरान तोड़फोड़ भी की। सड़क पर दौड़ रहे कई वाहनों के सीसे तोड़ दिए। हुड़दंगी हाथों में लोहे की रॉड और एंगिल लिए हुए थे। हुड़दगियों ने फोटो खींचने पर एक मीडिया कर्मी पर डंडे से हमला बोल दिया। जिससे उसके हाथ में चोट आईं। हुड़दंगियों ने मीडिया कर्मियों को फोटो न खींचने की भी हिदायत दी।
पुलिस ने संभाली स्थिति
जबरन दुकानें बंद करने और तोड़फोड़ करने पर हरबर्टपुर के व्यापारी भड़क गए। उन्होंने हरबर्टपुर चौकी पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। जहां भीड़ में शामिल कुछ हुड़दंगियों ने उसके साथ मारपीट भी की। जवाब में व्यापारी भी हुड़दंगियों से भीड़ गए। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल स्थिति को संभाला। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने लाठियां भी फटकारी।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें