हरिद्वार से घाट आ रही बस नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग पर तोणीधार में अनियंत्रित होकर तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बस में सवार 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं लग पाया है। जिलाधिकारी एसए मुरूगेशन और पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों तथा घायलों को निकाला गया। गंभीर रूप से घायलों को हेलीकॉप्टर से देहरादून भेजा गया।
देखिए, मृतकों और घायलों की सूची
मृतकों की सूची
01- मोहीनुद्दीन (22) पुत्र अब्दुल सत्तार, घाट निवासी
02- योगंबर सिंह (21) पुत्र अवतार सिंह, ग्राम- भेंटी
03- पान सिंह (32) पुत्र केदार सिंह, ग्राम-धूनी
04- बख्तावर सिंह (56) पुत्र कनक सिंह, ग्राम-सोनला
05- सुषमा देवी (35) पत्नी प्रेम चंद्र, ग्राम-फाली
06- दूरा देवी (53) पत्नी नारायण सिंह, ग्राम-रामणी
07- जगदीश लाल (50) पुत्र होरी लाल, ग्राम-खुनाणा
08- दल्ली लाल (35) पुत्र बाबूराम, ग्राम-खुनाणा
09- महिपाल (35) पुत्र भुवन सिह, ग्राम- मुंदोली-देवाल (चालक)
10- जयंती देवी (46) पत्नी नंदन सिंह, ग्राम-बंगाली
11- आशा देवी (42) पत्नी नारायण, ग्राम-डुंगरी, थराली
12- गब्बर सिंह (55) ग्राम-लुणतरा
13- कु. जीवंती (20) पुत्री नारायण, ग्राम-डुंगरी, थराली
14- खिलाफ सिंह (21) पुत्र चंद्र सिंह, ग्राम-भेंटी
15- दयाराम पुरोहित (65) ग्राम-जोंकापानी, सेमा
16- मीरा देवी (30) पत्नी सुरेंद्र सिंह, ग्राम-चाका
17- सबरी लाल (42) ग्राम-लांखी (बांजबगड़)
18- कलम सिंह (30) पुत्र मोहन सिंह, ग्राम-घूनी
19- अज्ञात महिला (करीब 33)
20- सुरेंद्र सिंह (35) पुत्र स्व. पान सिंह, ग्राम-चाका।
घायलों की सूची
01- जाईद (22) पुत्र मोहम्मद गफ्फार, निवासी-घाट।
02- कुंवर सिंह (60) पुत्र कल्याण सिंह, ग्राम-बैरासकुंड।
03- मोहन सिंह (45) पुत्र भुवन सिंह, मुंदोली, देवाल (परिचालक) (देहरादून रेफर)
दुर्घटना में बस के उड़े परखच्चे
हरिद्वार से नंदा देवी बस सर्विस की एक बस हर रोज हरिद्वार से घाट के लिए चलती है। शनिवार को बस हरिद्वार से रवाना होकर घाट पहुंचने ही वाली थी कि करीब 12 बजकर 50 मिनट पर घाट ब्लॉक मुख्यालय से करीब आधा किमी पहले दुर्घटनाग्रस्त होकर तीन सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना जैसे ही घाट ब्लॉक मुख्यालय पहुंची, बदहवास लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पडे़।
पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। जेसीबी मशीन लगाकर बस को निकाला जा सका।
16 लोगों की मौके पर ही मौत
हादसे में 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आईटीबीपी जवानों और स्थानीय लोगों ने मृतकों के शव खाई से निकाले।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक गंभीर घायल ने अस्पताल लाते समय एंबुलेंस में और एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
तीन घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं जबकि दो घायलों को हेलीकॉप्टर से देहरादून रेफर किया गया जिनमें से एक की मौत हो गई।
एक हफ्ते में तीसरी बड़ी दुर्घटना
इससे पहले बुधवार को एक टाटा सूमो के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई थी जबकि गुरुवार को बदरीनाथ हाईवे पर साकणीधार में रोडवेज बस खाई में जा गिरी।
इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक-परिचालक समेत 27 लोग घायल हो गए।
आठ घायलों को श्रीनगर गढ़वाल बेस अस्पताल और 19 को ऋषिकेश एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां आठ को जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया। बस में कुल 40 लोग सवार थे।
समूचा क्षेत्र शोक में डूबा
बस हादसे की खबर से समूचा क्षेत्र शोक में डूब गया। हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राणा और सत्य प्रकाश सती का कहना है कि इतनी बड़ी सड़क दुर्घटना होने से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों के उचित उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है।