फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजधानी में जिंदगी से 'खेल' रही रफ्तार

Thu, 22 Jan 2015 12:50 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
देर रात हरिद्वार रोड स्थित शास्त्री नगर में एक तेज रफ्तर ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी। स्कूटर सवार युवक शैलेंद्र चंद्र और दीपक कठैत सड़क पर गिर गए। जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता उनकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
विज्ञापन


माता मंदिर रेलवे फाटक के पास रोडवेज बस चालक ने सड़क किनारे पैदल जा रहे युवक राकेश यादव की जान ले ली। हादसा दूसरे वाहन को ओवरटेक करते वक्त हुआ। टक्कर लगते ही राकेश सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसे रौंदकर गुजर गया।

कारगी रोड पर मंगलवार रात एक तेजरफ्तार कार बिजली के खंभे से जा टकराई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और युवक गंभीर जख्मी हो गया। इसके अलावा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी कई घंटे तक ठप हो गई।
विज्ञापन


उपरोक्त तीनों मामले मंगलवार के हैं। तेज रफ्तार की वजह से एक दिन में ही तीन युवकों की मौत साफ बताती है कि जधानी में कुछ वाहन चालक जल्दबाजी और रोमांच के फेर में यातायात नियमों को ताक पर रखकर बाकी लोगों की जिंदगी से खेल रहे हैं।

यातायात नियमों के पालन की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस और परिवहन विभाग की तमाम कवायदे राजधानी की सड़कों को खूनी रास्तों में तब्दील होने से नहीं रोक पा रहीं। हाल में लोगों को जागरूक करने के मकसद से चलाए गए ‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’ कितना कामयाब रहा, यह भी इन घटनाओं से साफ होता है।

रात में खतरा दोगुना
राजधानी की सड़कों में दोपहर के वक्त तो फिर भी पुलिसकर्मी चौकस नजर आते हैं, लेकिन रात में हादसों का खतरा दोगुना हो जाता है। हादसे के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले रास्तों पर न कहीं पुलिस नजर आती है, न ही सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) के जवान। ऐसे में वाहन चालक बेखौफ रफ्तार बढ़ाते जाते हैं और हादसे की वजह बनते हैं।

कब थमेगी ड्रिंक एंड ड्राइव
राजधानी में रात के वक्त होने वाले अधिकतर हादसों की वजह चालकों का नशे में होना होती है। पुलिस चौराहों पर तलाशी अभियान के दावे तो करती है, लेकिन हर हादसा इन अभियानों पर सवाल खड़े करता है।

रात में शहर की सुनसान सड़कों पर युवाओं को कार में बैठे शराब पीते आसानी से देखा जा सकता है। नशा होने के बाद ये युवा तूफानी रफ्तार में वाहन दौड़ाते हैं, लेकिन कहीं पुलिस की पकड़ में नहीं आते।

हादसों पर नजर
माह - दुर्घटनाएं - मौत - घायल
अक्तूबर - 9 - 4 - 28
नवंबर - 6 - 6 - 31
दिसंबर - 11 - 9 - 20

रात में संवेदनशील रास्ते
जीएमएस रोड, हरिद्वार बाईपास, ईसी रोड, कैनाल रोड, रिंग रोड

यहां दिन में भी खतरा
डालनवाला क्षेत्र की गलियां, राजपुर रोड, मसूरी डायवर्जन, सहारनपुर रोड, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक से प्रेमनगर

रात के वक्त हर सड़क पर बैरियर लगाने की व्यवस्था की जा रही है। हर बैरियर पर बड़े वाहनों के साथ संदिग्ध छोटे वाहन चालकों का भी एल्कोमीटर से परीक्षण किया जाएगा। नशे की पुष्टि होने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई एक बैरियर से बच निकले, तो दूसरे बैरियर पर उसे रुकना ही होगा।
- प्रदीप कुमार राय, पुलिस अधीक्षक यातायात

नहीं होगी मौत की टक्कर
देहरादून की सड़कों पर अब रात के वक्त वाहन चालकों की ‘मौत’ से टक्कर नहीं होगी। राजधानी में पिछले कुछ दिनों में रात के वक्त हुए हादसों में तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर सड़क किनारे खड़े वाहनों से होना बड़ी वजह रही है।

ऐसे में पुलिस ने वाहनों को गलत तरीके से पार्क न करने देने के लिए अभियान की तैयारी की है। पुलिस बुधवार रात से अभियान शुरू करने वाली है, जिसके तहत सड़कों पर पार्क वाहन जब्त कर लिए जाएंगे। वाहन खराब होने की स्थिति में चालकों को रातभर पार्किंग लाइट चालू रखने की हिदायत दी जाएगी।
विज्ञापन


इसलिए खड़े होते हैं वाहन
- सड़क किनारे शराब पीने के लिए
- रास्ते में अचानक वाहन खराब हो जाना
- बाजारों, प्रमुख जगहों पर पार्किंग नहीं मिलने पर

इसलिए होते हैं हादसे
- वाहन खड़ा होने से रास्ता संकरा हो जाता है
- पार्किंग लाइट न जलने से वाहन नहीं दिखता
- रफ्तार में अचानक आगे वाहन दिखने पर संभलना मुश्किल
- अंधेरी सड़कों पर आगे खड़ा वाहन दिखने में दिक्कत

रखें यह ध्यान
- शराब पीकर कभी वाहन ना चलाएं
- रात के वक्त डिपर का इस्तेमाल करें
- अंधेरे रास्तों पर बरतें अतिरिक्त सावधानी
- कार खराब हो जाए तो पार्किंग लाइट जरूर जलाएं

पुलिस की कई टीमें बनाकर बुधवार रात से ही अभियान शुरू किया जाएगा। सड़कों के किनारे कोई वाहन खड़ा मिला तो उसे तुरंत जब्त किया जाएगा।
- प्रदीप कुमार राय, पुलिस अधीक्षक यातायात
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें