भले ही मशहूर कार्टूनिस्ट आरके लक्ष्मण दुनिया से चले गए हो, लेकिन दूनवासियों के जेहन में आज भी जिंदा हैं।
तकरीबन 25 साल पहले 1990 में लक्ष्मण वेल्हम गर्ल्स स्कूल के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। तब उन्होंने 40 मिनट में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, विश्वनाथ प्रताप सिंह, चंद्रशेखर समेत चार वीआईपी को अपने ब्रश से कागज पर उतार दिया था। जानकार बताते हैं कि यह कार्टून आज भी स्कूल की लाइब्रेरी में सुरक्षित हैं।
राजपुर रोड पर गांधी पार्क के सामने नटराज बुक पब्लिशर्स के संचालक उपेंद्र आरके लक्ष्मण की यादों को साझा करते हैं। बकौल उपेंद्र उस वक्त बेटी दिव्या अरोड़ा वेल्हम में जूनियर कक्षा में पढ़ रही थी। कालेज की चेयरमैन इंदिरा महिंद्रा, जबकि प्रधानाचार्या शांति वर्मा थीं।
दिव्या के पिता के बतौर स्कूल के उस कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराई, जिसमें लक्ष्मण मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे थे। वह इंदिरा महिंद्रा के बहुत अच्छे मित्र थे, जो खुद मुंबई में रहती थीं।
उनके मुताबिक दो घंटे से अधिक चले कार्यक्रम में लक्ष्मण का चुटीला अंदाज सभी को खूब भाया। लक्ष्मण ने केवल कार्टून ही नहीं बनाए, बल्कि हर कार्टून के पीछे की कहानी से भी बच्चों को रूबरू कराया।