कुंभ नगरी हरिद्वार की हरकी पैड़ी की तर्ज पर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर बारहों माह गंगा की जल धारा बहेगी। करोड़ों रुपये की इस बेहद महत्वाकांक्षी योजना को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरी झंडी दिखा दी है। कुंभ मेला बजट से इस प्रोजेक्ट को पूर्ण कराने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा मेला अधिकारी को आदेशित किया गया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में नमामि गंगे के तहत कुंभ मेला 2021 त्रिवेणी घाट पर सफाई परियोजना, चंद्रभागा एवं गंगा नदी के संगम पर घाट विकास योजना, सरस्वती नाले की टैपिंग किए जाने के कारण क्षतिग्रस्त घाट एवं प्लेटफार्म के पुनर्निर्माण कार्यों सहित ऋषिकेश के आस्था पथ पर स्थित विभिन्न घाटों के पुनर्निर्माण कराए जाने के आदेश दिए हैं।
उक्त परियोजनाओं को नमामि गंगे परियोजना के तहत कराया जाना था, लेकिन बजट के अभाव में मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में मेला अधिकारी से कुंभ निधि के माध्यम से उक्त योजनाओं को साकार करने के आदेश जारी किए गए हैं। मेयर अनिता ममगाईं का कहना है कि गंगा की धारा को पक्के घाट पर लाना हमारे संकल्प में शामिल है।
इसके लिए बोर्ड में प्रस्ताव पारित कराये जाने के बाद वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिली थीं और इस बाबत उन्हें तमाम जानकारियां उपलब्ध कराई थीं। इसके बाद उन्होंने उक्त योजना को लेकर डीपीआर तैयार कराने को कहा था।
इसके बाद तमाम कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के बाद वे लगातार मुख्यमंत्री से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश के ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर लगातार वार्ता करती रहीं। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद इस ड्रीम प्रोजेक्ट को एक बार फिर से पंख लग गए हैं।