फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला की खबर का असर, ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला पुल पर पर्यटकों की आवाजाही पर लगी रोक

Sat, 13 Jul 2019 10:34 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ऋषिकेश
विज्ञापन
लक्ष्मण झूला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लक्ष्मण झूला पुल की मियाद खत्म होने और दुर्घटना की आशंका के चलते शासन ने पुल से आवाजाही पर पूर्ण रोक लगा दी है। अमर उजाला ने इस खबर को आज प्रकाशित किया था। जिसका संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य सचिव लोनिवि ओम प्रकाश ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। पुल से आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने के लिए उन्होंने डिजाइन टेक स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट की सिफारिश को आधार बनाया है।

 

रिपोर्ट में एजेंसी ने यह कहा है कि पुल के अधिकांश हिस्से व अंश कमजोर पड़ गए हैं और जर्जर अवस्था में है। साथ ही पुल से पैदल यात्रियों की आवाजाही की अनुमति न दिए जाने की सलाह भी दी थी।

 

उधर, आदेश होते ही लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार रात से पुल केे दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही बंद कर दी है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (नरेंद्र नगर) मोहम्मद आरिफ खान ने बताया कि शासन से आदेश मिलने पर पुल पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। 

विज्ञापन

विज्ञापन

एसएसपी (पौड़ी) दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत कांवड़ियों व अन्य यात्रियों को नीलकंठ महादेव मंदिर तक जाने के लिए बैराज मार्ग से जाना होगा। इसी मार्ग से वापस भी आना होगा। दोपहिया और चौपहिया वाहनों को बैराज मार्ग से जाना होगा और वापसी के लिए गरुड़चट्टी पुल से मुनिकीरेती बाईपास का इस्तेमाल करना होगा। बता दें कि सप्ताह भर में कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है। ऐसे मेें प्रशासन के समक्ष सीमित समय में वैकल्पिक व्यवस्थाएं बनाना भी मुश्किल होगा।
 
गौरतलब है कि हाल ही में लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी सर्वे रिपोर्ट में बताया गया था कि लक्ष्मण झूला पुल की निर्धारित मियाद 90 साल पूरी हो चुकी है। पुल से आवागमन खतरे से खाली नहीं है।

66 और जर्जर पुल बदले जाएंगे
लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश में 66 ऐसे पुल चिह्नित किए हैं, जो जर्जर हो गए हैं। प्रमुख अभियंता (लोनिवि) हरिओम शर्मा ने बताया कि इन पुलों के स्थान पर नए पुल बनाए जाने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। 

पढ़ें: ऋषिकेश: 90 साल पुराने लक्ष्मणझूला पुल की मियाद खत्म, अब खतरे से खाली नहीं पुल पर आवाजाही 

सभी पुलों की तकनीकी जांच होगी: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी मोटर और पैदल पुलों की तकनीकी जांच करा रहे हैं। जहां पुल सुरक्षित नहीं होंगे, वहां सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाएगी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें