रैंतोली में बदरीनाथ हाईवे पर लगाया जाम
अन्य मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के साथ ही पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। लगभग एक बजे स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन मौके पर कंपनी के सक्षम अधिकारी मौके पर न पाकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अधिकारियों को फोन किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इससे नाराज लोगों ने दोपहर करीब दो बजे रैंतोली में बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ प्रबोध कुमार घिल्डियाल के नेतृत्व में कोतवाल प्रभारी निरीक्षक जयपाल नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजा मिलने के बाद ही शव उठाने की चेतावनी दी। इस दौरान लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
विधायक भरत सिंह चौधरी और एडीएम दीपेंद्र नेगी भी मौके पर पहुंचे और कंपनी महानिदेशक एचएन सिंह को वार्ता के लिए बुलाया। कंपनी महानिदेशक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। विधायक ने बताया कि वार्ता के दौरान ही परिजनों की तहरीर पर कंपनी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें..Haridwar: कुछ लोग खाते देश का हैं, गीत दुनिया का गाते हैं, राहुल गांधी पर पूछे गये सवाल पर बोले- रामदेव
इसके साथ ही परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया गया है। इस पर लोग शांत हो गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि घटना के बारे में स्थिति साफ नहीं हो पाई है। शुक्रवार को आरवीएनएल और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों को बुलाया गया है।