कुलड़ी के न्यू मार्केट में सामान उतारने के दौरान खड़ा एक मालवाहक वाहन अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया और एक रेस्टोरेंट में जा घुसा। इससे रेस्टोरेंट का काउंटर, फ्रीज, तंदूर समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन सड़क पर खड़े पर्यटक और स्थानीय लोग घटना में बाल-बाल बच गए ।
रविवार को न्यू मार्केट में मालवाहक चालक सामान देने के लिए गाड़ी से नीचे उतर गया और पास की दुकान के अंदर गया था। इसी दौरान वाहन अचानक पीछे की ओर चल पड़ा और सीधे रेस्टोरेंट से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ढाबे का सामान सड़क पर बिखर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मालरोड़ से लगे न्यू मार्केट के रेस्टोरेंट संचालक गजेंद्र उनियाल ने बताया कि वो काउंटर पर अपना काम कर रहे थे, उपर से अचानक एक मालवाहक गाड़ी आई और उनके ढाबे में घुस गया। उन्हाेंने बताया कि करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। स्थानीय व्यापारी महिपाल सिंह पंवार ने बताया कि वाहन चालक अपनी सप्लाई करने के लिए बाहर उतर गया और सप्लाई करने वाले युवक ने गाड़ी के अंदर कुछ छेड़खानी कर दी, इससे गाड़ी पीछे ढलान की तरफ आ गई। बताया जा रहा है कि चालक ने गाड़ी के पीछे पत्थर भी नही लगाए थे।