कोरोनेशन अस्पताल में संविदा पर तैनात चार डॉक्टरों के इस्तीफा देने की चर्चा है। इसे लेकर अस्पताल में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ये चारों युवा डॉक्टर अस्पताल की इमरजेंसी में भी ड्यूटी देते हैं। इस बारे में अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीसी रमोला के दोनों मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों नंबर स्विच ऑफ मिले।
सूत्रों के अनुसार, इन चार डॉक्टरों का करीब सात महीने पहले तीन साल के लिए अस्पताल के साथ अनुबंध हुआ था। डॉक्टरों ने अपने इस्तीफे के पीछे अस्पताल के असुरक्षित माहौल को वजह बताया है। वहीं, इसे तीन महिलाकर्मियों द्वारा सीएमएस और एक डॉक्टर पर लगाए गए गंभीर आरोपों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि डॉक्टरों में ड्यूटी लगाने पर महिलाकर्मियों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों से असुरक्षा का भय है। हालांकि, सीएमएस ने दावा किया था कि दो महिलाकर्मियों ने यह कहते हुए उनसे शिकायती पत्र पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए हैं, अपने आरोप वापस ले लिए हैं। वहीं, सीएमएस द्वारा डेंगू के सीजन को देखते हुए चारों डॉक्टरों के इस्तीफे नामंजूर करने की बात सामने आई है।