देहरादून। छावनी परिषद गढ़ी कैंट क्षेत्र के न्यू कॉलोनी स्मिथनगर में पेयजल आपूर्ति की पुरानी पाइपलाइन स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब 30-35 साल पुरानी प्लास्टिक पाइपलाइन में बार-बार लीकेज होने से मुख्य मार्ग की लगातार खोदाई की जा रही है। इसकी वजह से लीकेज के साथ सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
लोगों ने बताया कि मोहनपुर-स्मिथनगर मुख्य मार्ग को कई बार खोदा जा चुका है। हाल ही में 14 अगस्त को पाइपलाइन मरम्मत के लिए सड़क खोदी गई थी लेकिन करीब 24 घंटे बाद दोबारा पाइपलाइन टूट गई। बार-बार खुदाई की वजह से सड़क भी खराब हो गई है। लोगों ने बताया कि न्यू कॉलोनी स्मिथनगर के करीब 118 उपभोक्ताओं को मिनी ट्यूबवेल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
वर्तमान में जलापूर्ति के लिए इस्तेमाल हो रही पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। लीकेज की वजह से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद होने के साथ ही सड़क भी खराब हो रही है। लोगों ने क्षेत्र में 150 मीटर नई और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग की है। उनका कहना है कि नई पाइपलाइन बिछने से बार-बार होने वाले लीकेज पानी की बर्बादी और सड़क की खुदाई पर रोक लग सकेगी और उपभोक्ताओं को सुचारु व सुरक्षित पेयजल आपूर्ति मिलेगी। लोगों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर वह शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।