गणतंत्र दिवस को देखते हुए शहर की सुरक्षा चौक चौबंद कर दी गई है। चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात है। पुलिस ने होटल, लॉज खंगालने के साथ ही बॉर्डर पर भी वाहनों को सघन चेकिंग की। इसके साथ ही संदिग्धों से भी कड़ाई से पूछताछ की।
पुलिस शनिवार को दिन भर सक्रिय दिखी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। होटलों में ठहरने वालों की रजिस्टर से जानकारी लेने के साथ ही उनके आईडी प्रूफ भी चेक किए गए।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के साथ ही चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस को रात में भी वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्थानों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
शासन ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेश के 74 कैदियों की सजा में 15 दिन से लेकर तीन माह तक की छूट प्रदान की है। इनमें गढ़वाल की जेलों में बंद 49 और कुमाऊं की जेलों के 25 कैदीशामिल हैं। शासन के अनुरोध पर राज्यपाल ने कैदियों की सजा में राहत देने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अपर सचिव सुनील श्रीपांथरी ने आईजी कारागार को राहत पाने वाले कैदियों को सूची भेज दी है। अल्मोड़ा जिला जेल के प्यार सिंह को दो माह और हरीश सिंह और पद्म बहादुर को एक-एक माह की छूट मिली है। दिलबहादुर, गुमान सिंह, वीरेंद्र कुमार, बिजेंद्र कुमार, दीपक राम, बहादुर राम, जगत सिंह उर्फ जसवंत सिंह, सूरज कुमार, गणेश सिंह टोलिया को 15 दिन की राहत दी गई है।
नैनीताल जिला कारागार के कैदी सुरेंद्र सिंह, सतीश भारद्वाज, मंजर सिंह को दो-दो माह की छूट मिली है। इसी जेल के कैदी मनोज कुमार को 15 दिन और विकास सिंह को एक माह की छूट मिली है। उप कारागार हल्द्वानी के समद को एक माह, सरवरी बेगम, संतोष, इमरान, सूरज उर्फ सोनू , प्रेम सिंह राणा, साजिद, मनीष चौहान और रिंकू को 15-15 दिन की राहत मिली है।
गढ़वाल की जेलों के 49 कैदियों को राहत
जेल विभाग के अनुसार देहरादून जेल के 10 कैदियों, हरिद्वार जेल के 13, पौड़ी गढ़वाल के छह कैदियों और चमोली के आठ कैदियों की सजा में भी शासन से छूट प्रदान की गई है।