सेना भर्ती में पहाड़ के युवाओं को लंबाई में मिलने वाली छूट दोबारा लागू होगी। भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में पहुंचे थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने यह बात कही।
शनिवार को पासिंग आउट परेड के बाद मीडिया से बातचीत में जनरल बिपिन रावत ने कहा कि जल्द ही पहले जितनी निर्धारित लंबाई का मानक लागू होगा। बता दें कि कुछ वर्ष पहले तक सेना भर्ती में उत्तराखंड समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं को लंबाई में छूट मिलती थी।
तब सोल्जर जीडी के लिए पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं की लंबाई 166 और मैदानी क्षेत्र के युवाओं की लंबाई 170 सेमी का मानक था। वहीं, टेक्निकल पदों के लिए अभी 163 और क्लर्क पद के लिए 162 सेमी लंबाई का मानक है। गोरखाओं के लिए 157 सेमी लंबाई की अनिवार्यता है।
कुछ समय पहले पहाड़ी युवाओं को मिलने वाली छूट समाप्त कर दी गई। इससे बड़ी संख्या में युवा सेना भर्ती से बाहर हो रहे हैं। इसको लेकर उत्तराखंड समेत तमाम पहाड़ी राज्यों से लगातार छूट बहाल करने की मांग उठती रही है।
शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण करने के बाद थल सेनाध्यक्ष जनरल रावत ने छूट दोबारा लागू करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस मसले पर विचार किया जा रहा है। जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। सेना भर्ती में लंबाई में छूट मिलने से प्रदेश के युवाओं को लाभ मिलेगा।