कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति पप्पू गिरधारी
- फोटो : माई सिटी रिपोर्टर
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) अब साक्ष्यों के सत्यापन पर फोकस कर रहा है। जांच टीम मंत्री के स्टाफ और उनके करीबियों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं, मामले में सामने आए कथित ऑडियो और दस्तावेजों की प्रमाणिकता की जांच भी अहम मानी जा रही है। गिरधारी लाल साहू के सामने आने और बयान दर्ज कराने के बाद उनकी आवाज के नमूने का कथित ऑडियो से मिलान कराने के साथ ही विवादित दस्तावेजों पर हस्ताक्षरों का सत्यापन कराया जा सकता है।
मामले में गिरधारी लाल साहू को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, उनके बयान दर्ज होने और आवाज व हस्ताक्षरों के मिलान की प्रक्रिया को लेकर अभी इंतजार है। एसआईटी जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों को अलग-अलग बयानों और दस्तावेजों के आधार पर परख रही है, ताकि आरोपों की पुष्टि तथ्यों के आधार पर की जा सके।
जांच के सिलसिले में एसआईटी ने बरेली और हल्द्वानी से महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाए हैं। इन दस्तावेजों का मामले से जुड़े आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ सत्यापन किया जा रहा है। जांच टीम दस्तावेजों में दर्ज तथ्यों, संबंधित व्यक्तियों के बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के बीच समानता व विरोधाभास की पड़ताल कर रही है। मामले में दस्तावेजों और हस्ताक्षरों की प्रमाणिकता महत्वपूर्ण है। मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों में कथित तौर पर दस्तावेजों और हस्ताक्षरों के दुरुपयोग का मामला भी शामिल है। ऐसे में संबंधित रिकॉर्ड का सत्यापन जांच की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्या प्रकरण, गिरधारी के करीबियों से एसआईटी ने की पूछताछ, दबिश के दौरान रडार पर आए
एसआईटी मंत्री के स्टाफ और मामले से जुड़े करीबियों के बयान दर्ज कर रही है। इन बयानों के जरिए घटनाक्रम, कथित उत्पीड़न, धमकी और अन्य आरोपों से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। टीम यह भी देख रही है कि बयानों में सामने आ रहे तथ्यों का उपलब्ध दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से कितना मेल बैठता है।
जांच में कथित ऑडियो क्लिप भी महत्वपूर्ण है। मंत्री की ओर से इस ऑडियो को पति के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में सामने लाया गया है, जबकि गिरधारी लाल साहू ने इसे फर्जी और एआई से तैयार बताया है। ऐसे में ऑडियो की वास्तविकता स्थापित करने के लिए तकनीकी जांच और स्वतंत्र सत्यापन महत्वपूर्ण है। गिरधारी लाल साहू के बयान दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी वायरल ऑडियो में मौजूद आवाज और उनके आवाज के नमूने का मिलान कराने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। एसआईटी प्रभारी एसपी देहात जया बलोनी ने बताया टीम इस प्रकरण में फिलहाल बयान दर्ज कर रही है। जांच में आगे साक्ष्यों के संकलन और दस्तावेज के प्रति सत्यापन का कार्य भी होगा।