पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
आईएसबीटी चौकी क्षेत्र में श्री बांके बिहारी फिलिंग स्टेशन पर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर 85,800 रुपये लूटने का आरोप लगा है। पेट्रोल डालने को लेकर हुए विवाद के करीब एक घंटे बाद 12-13 युवक लोहे की रॉड, हॉकी और लाठी-डंडे लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों के कमरे में घुसकर हमला कर दिया। इसमें दो कर्मचारियों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि दो अन्य भी घायल हो गए। पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, घटना 27 अक्तूबर की सुबह करीब 3:15 बजे शुरू हुई। कुछ युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सीएनजी मशीन के पास पेट्रोल डालने के लिए कहने लगे। कर्मचारी हिमांशु ने उन्हें बताया कि वह सीएनजी मशीन है और पेट्रोल आगे लगी मशीन से मिल सकता है। इस बात पर युवक भड़क गए और हिमांशु के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे सबक सिखाने की धमकी दी।
आरोप है कि सुबह करीब 4:15 बजे 12-13 युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उनके हाथों में लोहे की रॉड, हॉकी, लाठी-डंडे और अन्य धारदार हथियार थे। युवकों ने कर्मचारियों के कमरे में घुसकर हमला कर दिया। मारपीट में हिमांशु और टिंकू के सिर पर कई चोटें आईं। रितिक और सावन भी घायल हो गए।
UK Top News: विस सत्र में सात हजार करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट पेश, उमेश कुमार का बड़ा एलान, पढ़ें अपडेट
पेट्रोल पंप संचालक के मुताबिक, हमले के दौरान कर्मचारियों के पास रखी करीब 85,800 रुपये की नकदी भी ले जाने का आरोप है। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो उसमें कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए। फुटेज में बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल और होंडा एक्टिवा भी नजर आई। संचालक ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, संदिग्ध वाहनों की जांच करने, घायलों के बयान दर्ज करने और लूटी गई नकदी बरामद कराने की मांग की है।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इस मामले में लूट के आरोप की जांच की जा रही है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।