फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: अब आबादी क्षेत्र का रुख करने लगी जंगल की आग, उत्तरकाशी में रेड अलर्ट जारी

Sat, 01 Jun 2019 10:18 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गढ़वाल
विज्ञापन
विज्ञापन

भीषण गर्मी के साथ ही पहाड़ में जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। उत्तरकाशी जिले में धरासू चिन्यालीसौड़, डुंडा और बड़कोट क्षेत्र के जंगल लगातार जल रहे हैं। वन विभाग ने मौसम को देखते हुए अगले दस दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 

विज्ञापन


इसके तहत जंगलों के पास रहने वाले सभी ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा गया है। टिहरी जिले में बौराड़ी मोटर मार्ग स्थित छमुंड का जंगल आग से धधक रहा है। आग के विकराल रूप लेने से वन कर्मी भी आग नहीं बुझा पाए हैं। भिलंगना ब्लाक से लेकर, गजा तहसील के जंगलों में आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। 

अब आबादी क्षेत्र का रुख करने लगी जंगल की आग

जंगल की आग अब आबादी क्षेत्र का रुख करने लगी है, जिससे जंगल से सटे इलाकों में रह रहे लोगों में भय है। उधर, डुंडा ब्लाक के बल्ला गांव के जंगल में बृहस्पतिवार रात को विकराल हुई आग से एक मकान और बगीचा जलकर राख हो गया। 

डीएफओ संदीप कुमार ने बताया कि मौसम के रुख को देखते हुए दस दिनों तक जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत जंगलों के पास रहने वाले सभी ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा गया है।

डीएम डा. आशीष चौहान ने भी वनाग्नि रोकने के लिए तैनात नोडल अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को जंगल में आग लगने की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सूचना नहीं देने पर उन्होंने सीडीओ को संबंधित ग्राम प्रहरी को हटाने के निर्देश दिए।

डुंडा ब्लाक के बल्ला गांव के जंगल में बृहस्पतिवार रात को विकराल हुई आग से एक मकान और बगीचा जलकर राख हो गया। आग से बल्ला गांव के निकट रूपराम, हीरामणि, तीर्थराम एवं दीपराम का संयुक्त मकान जलकर राख हो गया।

हालांकि घटना के समय उक्त परिवार के नीचे गांव में अपने दूसरे मकान में होने के कारण जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस मकान में रखा सारा सामान जल गया। साथ ही मकान के पास इस परिवार का मिश्रित फल का बगीचा भी जल गया। पीड़ित परिवार ने इस घटना की जानकारी वन विभाग को देकर क्षतिपूर्ति की मांग की। डीएफओ संदीप कुमार ने बताया कि नुकसान की भरपाई आपदा मद से की जाएगी। इसके आकलन के लिए मौके पर टीम भेजी गई है।

उधर, बड़कोट के रवाईं रेंज स्थित डंडाल गांव के जंगलों में भीषण आग लग गई, जो तेजी से आबादी वाले क्षेत्र की तरफ बढ़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग तथा अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू किया। भटवाड़ी के निसमौर क्षेत्र के जंगल भी जल गए। चिन्यालीसौड़ के दिचली आदि क्षेत्रों के जंगलों में भी आग लगने की घटना हुई, जिसे देर शाम तक वन विभाग के कर्मचारियों ने काबू पाया। 
विज्ञापन

नैनीताल के दोगांव के ऊपरी पहाड़ियों पर स्थित हिमालय फार्म में भ्रमण और जैविक खेती के गुर सीखने आई फ्रांसीसी महिला एलीस (25) और फार्म मैनेजर पंकज रावत बृहस्पतिवार रात जंगल में चारों ओर फैली आग के बीच घिर गए। मध्य रात्रि में फार्म की ओर बढ़ती आग से दोनों की जिंदगी संकट में आ गई। आबादी विहीन, बेहद एकांत और दुर्गम में स्थित उक्त फार्म चारों ओर जंगल से घिरा है। ऐसे में विदेशी महिला और फार्म मैनेजर दहशत में आ गए। इस पर उन्होंने डॉयल 112 पर मदद मांगी।

सूचना पर चौकी प्रभारी डीसी जोशी पुलिस कर्मी नवीन जोशी, महेंद्र नयाल, लक्ष्मण सकरियाल, कमल कुमार, ग्राम प्रहरी भोपाल राठौर रोपडा के अलावा अग्निशमन टीम के जवानों को साथ लेकर मौके को रवाना हुए। चार किलोमीटर के पैदल मार्ग और अधिकतर चढ़ाई वाले क्षेत्र को पार कर जब उक्त टीम हिमालय फार्म पहुंची तो आग फार्म के बेहद करीब पहुंच चुकी थी।
 
कड़ी मशक्कत के बाद देर रात ढाई बजे आग पर काबू कर दोनों को बचाया गया। फ्रांसीसी युवती 18 से 31 मई तक प्रवास के लिए हिमालय फार्म में आई थी। उधर, भीमताल के सोनगांव और कर्कोटक के जंगलों में बृहस्पतिवार रात लगी आग शुक्रवार तक जारी रही। आग लगने से वन संपदा को बेहद नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें