दो साल से इन पदों पर भर्ती का इंतजार है। आगे पढ़िए किस वजह से लटका है मामला।
आबकारी व परिवहन विभाग में सिपाही पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू न होने से सोमवार को उत्तराखंड बेरोजगार महासंघ ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को ज्ञापन सौंपा। बेरोजगार महासंघ के संरक्षक कमलेश भट्ट की अगुवाई सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी को ज्ञापन सौंपा।
महासंघ का कहना है कि आबकारी सिपाही के 37 पद और प्रवर्तन सिपाही के 47 पदों के लिए आयोग ने वर्ष 2017 में विज्ञप्ति जारी कर आवेदन मांगे थे। इसमें 43 हजार से अधिक बेरोजगारों ने आवेदन किया। लेकिन अभी तक आयोग ने शारीरिक परीक्षा की तिथि भी निर्धारित नहीं की है।
इसी तरह वन विभाग में वन रक्षकों के 1218 पदों की भर्ती प्रक्रिया लटकी हुई है। चयन आयोग ने जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो महासंघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर संदीप कंडारी, विवेक राज, बलबीर तोमर, ओपी शर्मा, अजय, संदीप शाह, नीरज बडोनी, अरविंद कैंतूरा, विनोद, शैलेश, दीपक मेहरा आदि मौजूद थे।
आबकारी व प्रवर्तन सिपाही पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। खेल विभाग के माध्यम से इन पदों की शारीरिक परीक्षा ली जाएगी। इस बारे में आयोग ने खेल विभाग को पत्र भेजा है।
-संतोष बडोनी, सचिव, चयन आयोग