राशन कार्ड नवीनीकरण नहीं कराने वाले राशन कार्ड धारकों की राशन जिला पूर्ति विभाग ने बंद कर दिया है। विभाग ने इस माह नई सूची जारी की है। इस सूची में जिसका नाम है राशन उसी को मिलेगा। सूची से वंचित राशन कार्ड धारक उपभोक्ताओं को राशन कार्ड नवीनीकरण अनिवार्य है।
पिछले साल से राज्य खाद्य योजना के तहत राशन कार्ड नवीनीकरण का काम चलते आ रहा है। राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए जिला पूर्ति विभाग ने राशन कार्ड धारक उपभोक्ताओं को कई बार डेड लाइन भी दिए। इसके बावजूद काफी संख्या में लोगों ने कार्ड नवीनीकरण नहीं कराया।
ऐसे में विभाग ने इस बार सख्त कदम उठाया है। जिला पूर्ति ने राशन डीलरों को सितंबर माह की नई सूची जारी की है। जिसमें राशन कार्ड नवीनीकरण नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का नाम सूची में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में सैकड़ों उपभोक्ता इस सूची से वंचित हो गए हैं। जिनको अब राशन नहीं मिलेगा।
आरकेडिया ग्राम सभा की उप प्रधान गीता बिष्ट ने कहा कि इनके क्षेत्र में सौ से अधिक उपभोक्ता है जिन्होंने राशन कार्ड नवीनीकरण नहीं कराया है। इन्होंने कहा कि यह लोग नवीनीकरण के लिए आवेदन किए हैं, मगर इनका नाम अभी सूची में नहीं आया है। जिसके वजह से यह उपभोक्ता राशन लेने के लिए भटक रहे हैं।
उन्होंने जिलापूर्ति अधिकारी से इन लोगों का नाम सूची में शामिल करने की मांग की। जिलापूर्ति अधिकारी पीएस पांगती का कहना है कि जिन्होंने अभीतक कार्ड नवीनीकरण नहीं कराया है वह जल्दी से करा लें। अगले माह नयी सूची में इनका नाम जोड़ दिया जाएगा।