विकासनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग में सोमवार को भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पथ संचलन में तीन सौ से अधिक शिक्षार्थियों व 100 से अधिक शिक्षकों एवं व्यवस्था से जुड़े स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की।
घोष वादन के साथ निकले स्वयंसेवकों ने अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा का परिचय देते हुए नगर में पथ संचालन किया। पथ संचलन हिमालयन स्कूल से प्रारंभ होकर गीता भवन, पहाड़ी गली चौक, डाकपत्थर तिराहा, अस्पताल मार्ग, 28 फीटा सड़क और सिनेमा गली होते हुए पुनः वर्ग स्थल पर आकर संपन्न हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी करके स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
मातृशक्ति ने भी पारंपरिक वेशभूषा में स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। उधर बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की। बताते चलें इन दिनों विकासनगर में संघ शिक्षा वर्ग आयोजित किया जा रहा है जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 15 दिवसीय वर्ग का समापन 14 जून को सायं 5 बजे होगा जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि शामिल होंगे।
पथ संचालन के दौरान अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख भारत भूषण, वर्ग सर्वाधिकारी लोकपाल, वर्ग कार्यवाह रवींद्र, वर्ग पालक मनोहर, वर्ग व्यवस्था प्रमुख संदीप, जिला संघ चालक देवराज, सह विभाग प्रचारक सौरभ, मुख्य शिक्षक राहुल सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल रहे।