देहरादून। एक किशोरी का अपहरण कर एक नाबालिग घर लेकर पहुंचा। आरोप है घर में मौजूद मां ने खाने-पीने की चीज में नशीला पदार्थ मिलाकर जबरन किशोरी को दे दिया। बेहोश होने पर नाबालिग ने किशोरी से दुष्कर्म कर डाला। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी 16 साल की किशोरी शनिवार को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी बीच पता चला कि उसे एक 16-17 साल के लड़के के साथ देखा गया था। उसके बाद किशोरी की बहन ने नेहरू कॉलोनी थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने एक लड़के के घर दबिश दी तो किशोरी बरामद हुई। उसके बाद उसने पूरी कहानी अपनी बहन को बताई। पुलिस से की शिकायत में बताया गया कि आरोपी उसकी बहन का अपहरण कर अपने घर ले गया था। जहां उसकी मां ने बहन को जबरन नशीला पदार्थ खिलाया। बेहोश होने पर लड़के ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की जांच की तो किशोरी को नशा देने और दुराचार की बात सही निकली। शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की मां छोटे-छोटी लड़कियों को नशा देकर गलत काम कराती है। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी महिला और नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद महिला को सुद्दोवाला जेल भेजा है। जबकि आरोपी नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा।