उत्तराखंड वक्फ विकास परिषद की उपाध्यक्षी राव सज्जाद खान चार दिन नहीं चला पाए। उपाध्यक्ष बनने पर ऐसी खुशी मनाई कि अशोभनीय आचरण का आरोप लगा और नियुक्ति के ठीक चौथे दिन निलंबन का शासनादेश जारी हो गया।
नियुक्ति निलंबन के साथ ही सम्मान समारोह प्रकरण में डीएम हरिद्वार को जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। राव सज्जाद नारसन के कनिष्ठ ब्लाक प्रमुख भी हैं।
राव सज्जाद खान को उत्तराखंड वक्फ विकास परिषद का उपाध्यक्ष 29 जनवरी को नियुक्त किया गया था। उपाध्यक्ष बनने पर ढंढेरा रुड़की में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में डासरों के साथ नाच-गाना हुआ और हवाई फायरिंग की गई और रुपये उड़ाए गए।
प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया की कवरेज देख शासन ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई कर दी गई। सचिव अल्पसंख्यक कल्याण डा. भूपिंदर कौर औलख की ओर से जारी शासनादेश में राव सज्जाद की नियुक्ति निलंबित कर दी गई। सचिव ने बताया कि डीएम हरिद्वार को जांच के आदेश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।