सजे पंडाल, आज से शुरू होगी दुर्गा पूजा
शहर में शुक्रवार से दुर्गा पूजा शुरू हो जाएगी। बंगाल के ब्राह्मण दुर्गा पूजा कराने के लिए दून पहुंच गए है। शुक्रवार से राजधानी दून में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम शुरू हो जाएगी। शहर में पांच स्थानों पर दुर्गा पूजा के पंडाल सज गए है। मॉडल कॉलोनी आराघर में दुर्गा पूजा के संयोजक अधीर मुखर्जी ने बताया कि दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। वहीं, आयुध निर्माणी के दुर्गा पूजा, प्रेमनगर, करनपुर के साथ ही सभी पंडालो को भव्य रूप दिया जा रहा है।
केवट ने कराई गंगा पार, अंत में हुआ भरत मिलाप
टिहरी नगर के आजाद मैदान में रामलीला के पांचवे दिन केवट लीला, राम भरत मिलाप का मंचन किया गया। वनवास लीला के दौरान भगवान राम-लक्ष्मण और सीता माता सरयू किनारे जाते हैं। केवट अपनी नाव में बैठाकर सरयू पार कराता है। उधर, अयोध्या में राम के वियोग में महाराजा दशरथ अपने प्राण त्याग देते हैं। अंत में भरत का भगवान राम से मिलाप होता है। इस मौके पर अध्यक्ष अभिनव थापर सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पर्वतीय रामलीला कमेटी की ओर से गंगाधर केवट संवाद, सुमंत विलाप, दशरथ मरण, भरत मिलाप का मंचन किया गया। गंगातट पर केवट संवाद के अलावा दशरथ मरण के दौरान श्रवण कुमार का नाटक का ह्रदय विदारक मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान जीवन सिंह बिष्ट, नकुल बधानी, ललित जोशी, जानवी बिष्ट, कौशल्या, दीपा आदि मौजूद रहे। उधर, श्री रामलीला कला समिति की ओर से कलाकरों ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोहा। दूनघाटी मां दुर्गा सेवा समिति की ओर से दुर्गा पूजा महोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुति दी।
महर्षि वाल्मिकि बाल संस्कार केंद्र का शुभारंभ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से महर्षि वाल्मीकि बाल संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया गया। सेवा प्रमुख एस चंद्रा ने बताया कि इससे पहले संघ की ओर से वाल्मीकि धर्मशाला चुक्खूवाला में प्रारंभ किया गया है। इसमें करीब तीस बच्चें पढ़ाई के लिए प्रतिदिन आते हैं। कहा कि बाल संस्कार केंद्र में खेल-खेल में शिक्षा और महापुरुषों को जानने और समझने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें...कांग्रेस किसान सम्मान यात्रा: रुड़की तक ट्रैक्टरों से पहुंचे लोग, हरीश रावत बोले- भाजपा शासन में किसान परेशान
डेंगू और मलेरिया हराने के लिए बने टीका
नेताजी संघर्ष समिति ने विश्व स्वास्थ्य संगठन दिल्ली को जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र देकर डेंगू और मलेरिया को हराने के लिए टीका बनाने की मांग की। उपाध्यक्ष प्रभात डंडरियाल ने कहा कि जिस प्रकार कोरोना को हराने के लिए टीका बनाया गया, उसी प्रकार डेंगू और मलेरिया को भी हराने के लिए टीका बनाया जाए। इस दौरान आरिफ वारसी, सुरेश कुमार, नवनीत गोसाई, प्रदीप कुकरेती, सुशील विरमानी, विपुल नौटियाल आदि मौजूद रहे।