शनिवार को देहरादून पुलिस की अग्निपरीक्षा रहेगी। राज्य स्थापना दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा व्यवस्था और रैतिक परेड की व्यवस्था संभालनी होगी। इसके बाद अयोध्या पर फैसला भी नियत किया गया है। लिहाजा पुलिस का यह तीसरा टास्क होगा।
जिसमें एक ही दिन में हर स्थिति में 100 परसेंट योगदान देना होगा। इस संबंध में शुक्रवार रात एसएसपी ने अधीनस्थों की बैठक बुलाकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए। खुफिया तंत्र को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में खास नजर बनाने को कहा गया है। देर रात तक जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों में मंथन के दौर चले।
एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने देर रात एसपी सिटी श्वेता चौबे और एसपी देहात परमेंद्र डोबाल व सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शनिवार का दिन पुलिस के लिए चुनौती भरा है।
श्री तुलसी मानस मंदिर के परमाध्यक्ष स्वामी अर्जुन पुरी महाराज ने राम मंदिर निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को दोनों पक्षों से स्वीकार करने का आह्वान किया है। जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी अर्जुन पुरी विदेश यात्रा कर अपने आश्रम में लौटे हैं।
एक बयान में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला हो उसे दोनों पक्षों को स्वीकार करना चाहिए। भारत में सदियों से हिंदू मुसलमान रहते आए हैं। हमारी गंगा जमुना संस्कृति हमारी विविधता में एकता का प्रतीक है और भगवान राम का आविर्भाव हजारों वर्ष पूर्व हुआ था जो सनातन हिंदुओं की आस्था का आधार है।
अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बने इसका प्रयास दोनों पक्षों को मिलकर करना चाहिए ताकि सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे। कहा कि हिंदू मुस्लिम दोनों भारत मां की संतानें हैं। सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला दे उसे दोनों पक्षों को स्वीकार कर सांप्रदायिक सद्भावना की मिसाल कायम करनी चाहिए। दोनों संप्रदायों की आपसी लड़ाई में बहुत खून बह चुका है। अब शांति पूर्वक सुप्रीम कोर्ट के फैसले को स्वीकार करें।