उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश वासियों से अपील की कि वे आज (बुधवार) को अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन पर अपने घरों में दीपावली मनाएं और दीये जलाएं।
मुख्यमंत्री राज्य सचिवालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार पांच अगस्त को देश के लिए स्वर्णिम अवसर आ रहा है। जब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का भूमि पूजन करेंगे।
उन्होंने कहा कि राममंदिर के लिए हजारों लोगों ने बलिदान दिए। सैकड़ों युद्ध इसके लिए लड़े गए। जो हमारी संस्कृति के मान बिंदु हैं, जिनका सबका सम्मान जुड़ा हुआ है, उन स्थानों को अत्याचारियों द्वारा नष्ट करने का प्रयास किया गया। आज एक ऐसी सरकार, ऐसे सर्वोच्च न्यायालय ने निर्णय दिया। हम सब के लिए बहुत सौभाग्य की बात है।
उन्होंने प्रदेश वासियों से अपील की है कि हम इस अवसर पर अपने घरों में दीपावली मनाएं, दिये जलाएं। भगवान श्रीराम दुनिया के एकमात्र ऐसे चरित्र हैं, जिन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम के नाम से जाना जाता है। उन्होंने भगवान श्रीराम जन्मभूमि के लिए बलिदानियों का स्मरण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में बनने वाला श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। भगवान श्रीराम सनातन संस्कृति, मानवता, नैतिकता, प्रेम व सद्भाव का प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम का यह मंदिर देश व दुनिया में अपनी विशिष्टता के लिए पहचाना जाएगा। जब प्रधानमंत्री श्रीराम जन्मभूमि पर भूमि पूजन करेंगे। इसका साक्षी बनने के लिए देश और समाज के सभी क्षेत्रों एवं वर्गों में काफी उत्साह है।
गढ़वाली में प्रसारित होगी रामायण
अयोध्या में राममंदिर भूमि पूजन के अवसर पर बुुधवार को संस्कृति विभाग के माध्यम से गढ़वाली रामायण का प्रसारण किया जाएगा। दूरदर्शन पर शाम 7.30 बजे से 8.00 बजे तक प्रसारण किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि बुधवार को धर्मनगरी अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा। यह दिन हिंदू संस्कृति के लिए एतिहासिक है। इसलिए संस्कृति विभाग की ओर से दूरदर्शन पर गढ़वाली रामायण का विशेष प्रसारण किया जाएगा।