आपको शायद ही पता होगा कि पहाड़ में पाये जाने वाले राम करेले का उपयोग सब्जी के साथ दवा के रूप में भी किया जा सकता है। इसे नहीं खाते हैं तो खाना शुरू कर दें...
केंद्रीय शीतोष्ण बागवानी संस्थान के शुरुआती शोध में पता चला है कि इसमें न केवल पर्याप्त मात्रा में आयरन मौजूद है, बल्कि शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले एंटी ऑक्सीडेंट और खून को साफ करने वाले तत्व भी हैं।
उद्यान विभाग के अधिकारियों ने केंद्रीय शीतोष्ण बागवानी संस्थान के साथ मिलकर राम करेले के उपयोगी गुणों को प्रदेश से बाहर भी पहचान दिलाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। खास बात यह भी है कि सामान्य करेला जहां स्वाद में कड़वा होता है वहीं राम करेला जरा भी कड़वा नहीं होता है। हरी सब्जी के रूप में बच्चे और महिलाएं भी इसका स्वाद ले सकते हैं।
केंद्रीय शीतोष्ण बागवानी संस्थान मुक्तेश्वर के वैज्ञानिक डॉ. राजनारायण ने बताया कि राम करेला लौकी कुल की सब्जी है। इसका वैज्ञानिक नाम सिलेंथरा पेडाटा (एल) स्चार्ड है। इस सब्जी का नाम राम करेला क्यों पड़ा यह तो किसी को पता नहीं, लेकिन किवदंती है कि भगवान राम ने वनवास के दौरान इसका सेवन किया था।