उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए। मंगलवार को विधानसभा में चुनाव आयोग के रिटर्निंग अफसर ने उन्हें निर्वाचन का प्रमाणपत्र सौंपा। राज्यसभा सदस्य पद के लिए केवल भट्ट का नामांकनपत्र दाखिल हुआ था।
नामांकनपत्र सही पाए जाने और नाम वापसी के आखिरी दिन उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी समेत कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। निर्वाचन के बाद भट्ट ने प्रदेश पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा, वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में आतिशबाजी की। यहां से ढोलबाजों के साथ जुलूस कचहरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचा, जहां भट्ट ने राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया। उन्होंने अगले 100 दिन कोई विश्राम नहीं लेने के मोदी संकल्प पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इससे पूर्व पार्टी मुख्यालय में भट्ट ने विश्वास दिलाया कि वह सबकी उम्मीदों पर में खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कहा, उच्च सदन में पहुंचकर एक सीढ़ी और बढ़ने से अब जनता की बात को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का काम करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक कहा, आज प्रत्येक कार्यकर्ता में जबरदस्त उत्साह है।
प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, खिलेंद्र चौधरी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, उमेश काऊ, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Haridwar: इंटर पास करने के बाद साढ़े चार हजार बेटियों ने मांगा प्रोत्साहन, कमेटी लगाएगी पात्र आवेदनों पर मुहर
भट्ट ने सीएम से की शिष्टाचार भेंट
उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुने जाने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सीएम आवास पहुंचे। उन्होंने सीएम से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा, भट्ट के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने से केंद्र सरकार के स्तर पर राज्य के विकास से जुड़े विषयों के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी आएगी।