नेता और अभिनेता राज बब्बर के मंगलवार को नामांकन के साथ ही उनके निर्विरोध राज्यसभा में जाने का रास्ता साफ हो गया। उनके अतिरिक्त किसी अन्य उम्मीदवारी ने नामांकन नहीं कराया है।
बुधवार को नामांकन पत्र की जांच पड़ताल के बाद उन्हें चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। राज बब्बर ने मुख्यमंत्री हरीश रावत उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों, प्रदेश सहप्रभारी संजय कपूर और कांग्रेस विधायकों की मौजूदगी में मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे नामांकन पत्र दाखिल किया।
राज बब्बर सुबह देहरादून पहुंचे और सीधे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने उनका स्वागत कर उन्हें पार्टी सिंबल दिया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष उन्हें लेकर विधानसभा पहुंचे। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद सीएम विधानसभा पहुंचे और तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल कराया।