मैं उत्तराखंड की दुल्हन की तरह हूं, एक दुल्हन जिस तरह से अपनी ससुराल में धीरे-धीरे नाते-रिश्तेदारों और परिवारवालों से तालमेल बैठाते हुए रम जाती है, उसी तरह वे भी यहां रम जाएंगे। बाहरी होने के सवाल पर नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद राजबब्बर ने यह बातें कहीं।
महिला के सवाल पर दिया जवाब
शुक्रवार शाम कचहरी स्थित शहीद स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद राजबब्बर दून बार एसोसिएशन के कार्यालय में पहुंचे। यहां एक महिला अधिवक्ता ने उनसे पूछा कि आप बाहरी हैं, उत्तराखंड के बारे में कितना जानते हैं?
इस पर राज ने कहा कि एक दुल्हन जब ससुराल जाती है तो वह वहां के बारे में कुछ नहीं जानती है। लेकिन धीरे-धीरे वह सभी को जानने लगती है। उसी तरह वह भी धीरे-धीरे सभी से तालमेल बैठाकर विकास में सहयोग देंगे।
एसोसिएशन को सहयोग का आश्वासन
दून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने एसोसिएशन के लिए सहयोग मांगा। राज्यसभा सांसद से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मौके पर पुस्तकालय अध्यक्ष आशुतोष गुलाटी, अल्पना जदली, सीएम असवाल, आरपी गैरोला आदि मौजूद थे।