रायपुर थाना क्षेत्र के रक्षा विहार चूना भट्टा में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों तल्हा उर्फ कैफ और अबू बसर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को मुखबिर की सूचना पर चूना भट्टा स्थित बस अड्डे के पास से पकड़ा। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात रक्षा विहार चूना भट्टा क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हुई थी। विवाद के दौरान मोहम्मद इफ्तियार घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई नजरे आलम की तहरीर पर थाना रायपुर में हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पहले तीन नामजद आरोपियों अनस, आरिस और जावेद को गिरफ्तार किया था। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया था।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान घटना में शामिल कुछ अन्य युवकों के नाम भी सामने आए। इसके बाद पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 25 अगस्त को पुलिस ने तल्हा उर्फ कैफ निवासी रक्षा विहार, रायपुर और अबू बसर निवासी मोहल्ला हसनपुर बस्सी, कीरतपुर, बिजनौर को चूना भट्टा बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।