देहरादून में मौसम का बारिश वाला रुख गुरुवार को तड़के से ही जारी रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी होती है।
मौसम की करवट से राजधानी में तापमान लुढ़क गया। जिससे लोग गर्म कपडों में दिखाई दिए। हालांकि मौसम विभाग ने 17 व 18 अप्रैल को उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। बुधवार को दोपहर बाद अचानक आई बारिश से मौसम में ठंडक लौट आई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार सुबह से आकाश में आंशिक बादल छाए थे, जो दोपहर बाद घने हो गए। देखते ही देखते झमाझम बारिश होने लगी। शाम तक बूंदाबांदी की वजह से मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फ पड़ सकती है। अन्य स्थानों पर कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं और झक्कड़ आने की भी संभावना है। 4000 मीटर से ऊंचाई या इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर पांच से 15 सेंटीमीटर तक बर्फ पड़ सकती है। राजधानी देहरादून में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में गरजन वाले बादल विकसित हो सकते हैं।