शनिवार दोपहर को केदारनाथ में एक घंटे से अधिक समय तक तेज बारिश हुई। इसके बाद भी आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी होती रही। जबकि जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित अन्य क्षेत्रों में घने बादल छाए रहे। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं।
मलबा गिरने से बदरीनाथ हाईवे एक घंटे अवरुद्ध
बारिश की वजह से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के समीप पहाड़ी से मलबा आने से यहां पर यातायात करीब एक घंटे अवरुद्ध रहा। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने यहां मलबा हटाकर यातायात चालू कराया, लेकिन दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार होने की वजह से यातायात सामान्य होने में काफी वक्त लगा।
शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे बारिश से मूल्यागांव में मलबा गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। बारिश रुकने पर लोनिवि ने मशीनों से मलबा हटवाया। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के सहायक अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि मूल्यागांव में ज्यादातर पैच में डामरीकरण हो चुका है। यहां पर छोटा ही पैच शेष बचा हुआ है। शनिवार को यहां पर मलबा गया था, जिससे दिक्कत हुई।